नासिक रोड इलाके में युवक की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद में हत्या का संदेह

नासिक | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
नासिक रोड इलाके में रविवार रात अज्ञात हमलावरों ने पिस्तौल से गोली मारकर सुमित अरुण पगारे नामक युवक की हत्या कर दी। यह घटना बिटको अस्पताल परिसर के गोसावीवाड़ी इलाके में रात करीब 8 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, सुमित पगारे रविवार रात एक टपरी के पास खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर दो गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पगारे को नागरिकों ने अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण उसे दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सुमित पगारे पहले जेल में था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को संदेह है कि जमीन के विवाद के चलते यह हत्या की गई हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।
