Breaking NewsCrime NewsJalna

जालना में ट्रक चालक को चाकू की नोक पर लूटने वाली गैंग का पर्दाफाश, एक घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

जालना | कादरी हुसैन

जालना एमआईडीसी क्षेत्र में ट्रक चालक को चाकू की नोक पर धमकाकर लूटने वाले गिरोह का चंदनझिरा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 53 हजार 500 रुपये का माल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे यवतमाल जिले के केलापुर तहसील अंतर्गत सोनुर्ली निवासी ट्रक चालक प्रज्योत प्रमोद वाढई (24) कालिका पार्किंग के पास भोजन करने जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन आरोपियों ने उन्हें रोककर पेट पर चाकू लगा दिया और बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने उनका ओप्पो F31 मोबाइल, 13,500 रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

ट्रक में भरा माल खाली कराने के बाद पीड़ित ने 9 नवंबर को चंदनझिरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने वारदात के महज एक घंटे के भीतर अभिषेक उर्फ रावण प्रताप गवारे (23) और पांडुरंग बाबासाहेब देठे (32), दोनों निवासी साडेसावंगी, तहसील अंबड, जिला जालना को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में उनका एक अन्य अज्ञात साथी भी शामिल बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों से 40 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल, 10 हजार रुपये का मोबाइल और 3,500 रुपये नकद, कुल 53,500 रुपये का माल तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त किया है। जांच में दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी लूट, डकैती और चोरी जैसे अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 12 नवंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजा है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम साली और उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे, पुलिस उपनिरीक्षक मनसुब वेताळ, पुलिस हेड कांस्टेबल प्रशांत देशमुख, कृष्णा तंगे, राजेंद्र पवार, शिवाजी जमधडे तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस हेड कांस्टेबल सागर बावस्कर ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button