दिवाली के पटाखों पर विवाद ने लिया हिंसक रूप, कोयता लेकर घर तक पहुंचा व्यक्ति; जान से मारने की धमकी

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के मस्तगढ़ परिसर की कुमार गली में दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद दूसरे ही दिन गंभीर हो गया। आरोप है कि बच्चों द्वारा पटाखे फोड़ने पर पड़ोसी से हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति हाथ में धारदार कोयता लेकर मनोज राजपूत के घर पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
जानकारी के अनुसार, विवाद के पहले दिन मामला पुलिस तक पहुंचा था। कदीम जालना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी थी। हालांकि, अगले दिन संबंधित व्यक्ति दोबारा कोयता लेकर पहुंचा, जिससे परिसर में तनाव फैल गया।
घटना से भयभीत नागरिकों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कदीम जालना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
दिवाली जैसे त्योहार के दौरान मामूली विवाद में धारदार हथियार लेकर धमकाने की इस घटना से कुमार गली के नागरिकों में चिंता और नाराजगी है। अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।