औरंगाबाद में 22 सेकंड में डेढ़ लाख की चोरी, मोपेड की डिक्की खोलकर फरार हुए चोर

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
औरंगाबाद में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। बैंक में पैसे जमा करने के लिए निकले एक युवक की मोपेड की डिक्की से दो चोरों ने महज 22 सेकंड में डेढ़ लाख रुपये की नकदी चुरा ली। घटना मंगलवार (18 अगस्त) को दोपहर करीब 4:10 बजे सिडको एन-3 स्थित आरबीएल बैंक के सामने हुई। युवक मोबाइल चार्जर लेने के लिए महज 10 मिनट के लिए ऑफिस गया था और वापस लौटने पर डिक्की से नकदी गायब मिली।
पुलिस के अनुसार, रोजाबाग निवासी 21 वर्षीय शेख ईजान शेख इसाक मोंढा स्थित एक कंस्ट्रक्शन ऑफिस में काम करता है। मंगलवार दोपहर करीब 3:50 बजे उसके मालिक सालीक शब्बीर साया ने उसे एसबीआई बैंक में जमा करने के लिए डेढ़ लाख रुपये की नकदी दी थी।
ईजान ने यह रकम मालिक की टीवीएस ई-मोपेड की डिक्की में रखी और सिडको एन-3 स्थित आरबीएल बैंक के सामने पहुंचा। करीब 4 बजे उसने मोपेड बैंक के सामने खड़ी की। मोबाइल की बैटरी खत्म हो जाने के कारण वह चार्जर लेने के लिए बैंक के ऊपर स्थित ‘जेड इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन’ कार्यालय में अपने मित्र सय्यद फरीद के पास चला गया।
करीब 10 मिनट बाद 4:10 बजे चार्जर लेकर नीचे लौटने पर ईजान ने मोपेड की डिक्की खोली तो उसमें रखी डेढ़ लाख रुपये की नकदी गायब थी। इतनी कम अवधि में हुई चोरी से वह हैरान रह गया।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर
नकदी गायब होने के बाद ईजान ने बैंक के वॉचमैन से पूछताछ की। वॉचमैन ने बताया कि दो संदिग्ध व्यक्ति वहां से भागते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें दो अज्ञात व्यक्ति मोपेड के पास आते और डिक्की खोलकर डेढ़ लाख रुपये निकालकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुंडलिकनगर पुलिस थाने में इस मामले में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की आगे की जांच हेड कॉन्स्टेबल संदीप बीडकर कर रहे हैं।