भंडारा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और आयशर की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत, कई घायल

भंडारा | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
भंडारा जिले में ट्रक और आयशर ट्रक की जोरदार टक्कर में 8 मजदूरों की मौत हो गई। यह भीषण हादसा लाखनी-साकोली क्षेत्र में पिपलगांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। हादसे में वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के कुछ मजदूर ट्रक के जरिए नागपुर की दिशा में जा रहे थे। पिपलगांव क्षेत्र में भाऊच्या ढाबे और पेट्रोल पंप के पास आयशर ट्रक सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक के चालक का वाहन पर नियंत्रण छूट गया और ट्रक सीधे आयशर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का चक्काचूर हो गया।
इस भीषण दुर्घटना में ट्रक में सवार 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों को उपचार के लिए भंडारा स्थित शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के मजदूरों के रूप में हुई है। वे सभी नागपुर की दिशा में जा रहे थे, इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हादसे की सूचना राष्ट्रीय राजमार्ग पुलिस को भी दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा और आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
