Breaking NewsPune

पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, चार दोस्तों की मौत; तीन गंभीर रूप से घायल

पुणे | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

महाराष्ट्र में कराड के पास पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवनिर्मित सहापदरी फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सातारा जिले के खटाव तालुका स्थित कातरखटाव गांव के कुछ युवक दशहरे के अवसर पर कोल्हापुर के श्री महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद वे स्कॉर्पियो गाड़ी से अपने गांव लौट रहे थे।

रात करीब 11 बजे कराड शहर के पास उनकी स्कॉर्पियो के सामने चल रहे एक ट्रक ने अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिए। इसके कारण स्कॉर्पियो ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इस हादसे में तेजस देशमुख (25), सागर निंबालकर (23), सुयश चिंचकर (20) और रोहित धोने (21) की मौत हो गई। वहीं, ऋतुराज दुबले (21), शांतनु शिंगणे (20) और अमन तांबोली (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कराड के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही कराड की डीवाईएसपी राजश्री पाटील, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय दराडे, यातायात विभाग के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नवनिर्मित फ्लाईओवर पर हुआ यह पहला बड़ा हादसा बताया जा रहा है। एक ही गांव के चार युवकों की असमय मौत से कातरखटाव गांव और मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button