भोरखेड़ा शिवार में गांजे की खेती करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10.43 लाख रुपये का 20 किलो 87 ग्राम गांजा जब्त
स्थानीय अपराध शाखा और जाफराबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिले के भोरखेड़ा शिवार में अपने खेत में गांजे की खेती कर आर्थिक लाभ के लिए उसकी बिक्री करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। स्थानीय अपराध शाखा और जाफराबाद पुलिस थाने की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 किलो 87 ग्राम गांजे के पौधे जड़ सहित जब्त किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 43 हजार 500 रुपये बताई गई है।
जालना जिले में गांजे की अवैध खेती करने तथा गांजे की खरीद-बिक्री में संलिप्त आरोपियों की तलाश कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू ने स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव को दिए थे। इसके अनुसार पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव ने अपनी टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवैध गांजे की बिक्री करने वाले लोगों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 28 अक्टूबर 2026 को पुलिस को एक गुप्त मुखबिर से सूचना मिली कि जाफराबाद तहसील के भोरखेड़ा गांव निवासी मंगेश रावसाहेब कोरडे (उम्र 45 वर्ष) अपने खेत में गांजे की खेती कर रहा है और आर्थिक लाभ के लिए उसकी बिक्री करता है। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा, जालना और जाफराबाद पुलिस थाने के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने भोरखेड़ा शिवार स्थित आरोपी के खेत पर छापा मारा।
खेत की तलाशी के दौरान गट क्रमांक 44 में मंगेश रावसाहेब कोरडे अपने पिता के स्वामित्व वाले खेत में गांजे के पौधों की खेती, देखभाल और संवर्धन करते हुए पाया गया। पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में गांजे के पौधों को जड़ सहित उखाड़कर उनका वजन किया। कुल वजन 20 किलो 87 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 43 हजार 500 रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजे के हरे पत्तों वाले पौधों को जड़ सहित, गीली और सूखी अवस्था में जब्त कर लिया।
इस मामले में जाफराबाद पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी) और 2(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम मंगेश रावसाहेब कोरडे (45), निवासी भोरखेड़ा, तहसील जाफराबाद, जिला जालना है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम साळी तथा भोकरदन उपविभागीय पुलिस अधिकारी नितीन कटेकर के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव, जाफराबाद पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक सतीश जाधव, पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र वाघ, पुलिस उपनिरीक्षक योगेश पवार तथा पुलिस कर्मचारी रमेश राठोड, प्रभाकर वाघ, रुस्तुम जैवळ, दीपक घुगे, अक्रूर धांडगे, बाबा गायकवाड, सचिन राऊत और सुनील पवार शामिल रहे। इनके साथ स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस कर्मचारी अरुण वाघ, अनिल डुरे, निलेश दंडाईत, अनिल जोशी और प्रवीण खाडे ने भी कार्रवाई में भाग लिया।
