समृद्धी महामार्ग पर भीषण हादसा! चाणक्य ट्रैवल्स बस पलटी, 2 यात्रियों की मौत, 30 घायल

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर एक बार फिर चालक को नींद की झपकी आने से भीषण सड़क हादसा हो गया। औरंगाबाद जिले के फुलंब्री क्षेत्र के सावंगी परिसर में चैनल क्रमांक 426 के पास तेज रफ्तार चाणक्य ट्रैवल्स की बस पुल के सुरक्षा कठड़े से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना रविवार, 22 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 2 बजे हुई।
पुल पर पलटी बस, कुछ ही फीट दूर थी गहरी खाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाशिम से यात्रियों को लेकर चाणक्य ट्रैवल्स की बस (क्रमांक MP 41 9955) मुंबई की ओर समृद्धि महामार्ग से जा रही थी। इसी दौरान सावंगी परिसर में चैनल क्रमांक 426 के पास रात करीब 1 बजे चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे बस पर उसका नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार बस पुल के सुरक्षा कठड़े से जोरदार टकराकर मौके पर ही पलट गई।
जिस पुल पर यह हादसा हुआ, उसके बगल में महज कुछ फीट की दूरी पर गहरी खाई थी। यदि बस पुल का कठड़ा तोड़कर खाई में गिर जाती, तो बड़े पैमाने पर जनहानि हो सकती थी। हालांकि, बस पुल पर ही पलटकर अटक गई, जिससे कई यात्रियों की जान बच गई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया घाटी अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशिक्षु पुलिस उपअधीक्षक डॉ. सोनाली पाईकराव पुलिस कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को घाटी अस्पताल में भर्ती कराया।
इस हादसे में दो यात्रियों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। फुलंब्री पुलिस थाने में सोमवार, 23 नवंबर की सुबह 9 बजे मौत की सूचना दर्ज की गई।
राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस उपनिरीक्षक सुनील चाटे, पुलिस उपनिरीक्षक राम बारहाते, जमादार लालचंद नागलोड, जमादार अंकुश बागल और चालक चाटे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
