Breaking NewsCrime NewsJalna

जालना: मालीपुरा में देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ 40 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, कदीम जालना पुलिस की कार्रवाई

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर के मालीपुरा इलाके में अवैध रूप से देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को कदीम जालना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस सहित कुल 45 हजार 500 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 24 नवंबर 2026 को कदीम जालना पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक जनार्धन शेवाले अपनी जांच टीम के साथ थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गोपनीय मुखबिर से सूचना मिली कि जालना शहर के मालीपुरा परिसर में एक व्यक्ति अवैध रूप से देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस लेकर घूम रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक जनार्धन शेवाले ने उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी को इसकी जानकारी दी। उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल मालीपुरा परिसर में पहुंचकर जाल बिछाया और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी बनावट का पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाजिम अय्यूब शेख (उम्र 40 वर्ष), निवासी सुंदरनगर, चंदनझिरा, जालना के रूप में हुई है।

इस मामले में कदीम जालना पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 690/2026 के तहत भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 एवं 25 के अनुसार मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 45 हजार रुपये कीमत का देसी पिस्तौल तथा 500 रुपये कीमत का एक जिंदा कारतूस, इस प्रकार कुल 45 हजार 500 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक जनार्धन शेवाले के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में पुलिस हेड कांस्टेबल सदा राठोड, सचिन चौधरी, धनाजी कावळे तथा पुलिस कांस्टेबल मतीन शेख, दिलीप गायकवाड और इमरान खान ने सहभाग लिया। मामले की आगे की जांच कदीम जालना पुलिस थाने द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button