जिसे सड़क से उठाकर बनाया था बेटी, उसी ने दो प्रेमियों संग मिलकर की मां की हत्या

ओडिशा के गजपति जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 13 वर्षीय किशोरी ने अपने दो पुरुष दोस्तों के साथ मिलकर उस महिला की हत्या कर दी, जिसने उसे सड़क से उठाकर पाल-पोसकर बड़ा किया था। राजलक्ष्मी नामक महिला को 13 साल पहले सड़क किनारे एक नवजात बच्ची मिली थी, जिसे उन्होंने गोद लेकर अपनी बेटी की तरह पाला था। लेकिन वही बेटी उनकी मौत का कारण बन गई।
सड़क किनारे मिली थी नवजात बच्ची
करीब 13 साल पहले राजलक्ष्मी और उनके पति को भुवनेश्वर में सड़क किनारे एक तीन दिन की नवजात बच्ची रोती हुई मिली थी। दंपति निःसंतान थे, इसलिए उन्होंने बच्ची को गोद ले लिया और उसे अपने बच्चों की तरह पाला। लेकिन एक साल बाद राजलक्ष्मी के पति की मृत्यु हो गई और तब से उन्होंने अकेले ही उस बच्ची की परवरिश की।
बड़ी हुई बेटी, और शुरू हुआ खूनी खेल
राजलक्ष्मी अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए गजपति जिले के परलाखेमुंडी शहर में आकर किराए के मकान में रहने लगी थीं। उन्होंने बेटी को केंद्रीय विद्यालय में दाखिला दिलाया। लेकिन जब बेटी किशोरावस्था में पहुंची तो उसका दो युवकों – मंदिर का पुजारी गणेश रथ (21) और दिनेश साहू (20) – से संबंध हो गया। राजलक्ष्मी ने इसका विरोध किया, जिससे लड़की उनसे नाराज हो गई।
नींद की गोली देकर गला घोंटा
29 अप्रैल को लड़की ने अपनी मां को धोखे से नींद की गोलियां दे दीं। जब राजलक्ष्मी बेहोश हो गईं, तो रथ और साहू को बुलाकर तीनों ने मिलकर तकिए से उनका गला घोंट दिया। बाद में अस्पताल ले जाकर बताया गया कि राजलक्ष्मी को हार्ट अटैक आया था। चूंकि उन्हें पहले से हृदय रोग था, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ और अगले दिन भुवनेश्वर में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मोबाइल से हुआ राजफाश
दो हफ्ते बाद राजलक्ष्मी का भाई सिबा प्रसाद मिश्रा को लड़की का मोबाइल मिला। उसमें इंस्टाग्राम पर की गई बातचीत से हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। लड़की ने चैट में दोनों लड़कों के साथ हत्या की योजना, गहनों और नकदी की बात की थी। इसके बाद मिश्रा ने 14 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गहने गिरवी रख 2.4 लाख रुपये लिए
पुलिस के अनुसार, लड़की ने मां के कुछ गहने गणेश रथ को सौंप दिए थे, जिसने उन्हें 2.4 लाख रुपये में गिरवी रख दिया। पुलिस ने आरोपियों से 30 ग्राम सोने के गहने, तीन मोबाइल और हत्या में इस्तेमाल दो तकिए बरामद किए हैं।
पुलिस जांच जारी
गजपति के पुलिस अधीक्षक जतिंद्र कुमार पांडा ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है कि जिस बच्ची को प्यार और दया से पाला गया, उसी ने इतनी बेरहमी से अपनी मां की जान ले ली।
