Breaking NewsJalna

मैपिंग कार्य में लापरवाही पर तीन बीएलओ के खिलाफ शिकायत, एफआईआर की तैयारी

जालना/कादरी हुसैन

दिनांक 27/03/2026 को तहसील कार्यालय में तहसीलदार पवार मैडम से प्रत्यक्ष मुलाकात कर एक शिष्टमंडल ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि बीएलओ क्रमांक 161, 156 और 199 द्वारा अब तक मैपिंग कार्य शुरू नहीं किया गया है। इस संबंध में शिष्टमंडल ने विधिवत लिखित आवेदन भी प्रस्तुत किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार विष्णु घुगे द्वारा संबंधित बीएलओ के खिलाफ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन तीनों बीएलओ के लिए मैपिंग कार्य करना अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसी बीच 161, 156 और 199 क्षेत्र के नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें, सभी का मैपिंग कार्य जल्द ही पूरा कराया जाएगा।

इस शिष्टमंडल में इमरान खान उर्फ गुड्डू खान, सय्यद रहीम सेठ, इमरान खान उर्फ लाला, इमरान नाना, अता मोहम्मद बख्शी सर, सय्यद अनीस सर, वसीम भाई सहित बड़ी संख्या में नागरिक तहसील कार्यालय में उपस्थित रहे।

इस विषय में हमारे संवाददाता ने जब बीएलओ क्रमांक 161 की गायकवाड मैडम से संपर्क किया, तो उनके पति ने बताया कि मैडम ने लगभग 15 दिन पहले ही बीएलओ पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि एसआईआर (SIR) की मैपिंग करानी है, तो उनके स्थान पर नियुक्त नए बीएलओ से संपर्क किया जाए।

वहीं, पर्यवेक्षक प्रवीण मुले से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि संबंधित बीएलओ ही कार्य करेंगे और सभी का मैपिंग कार्य एक साथ कर पाना संभव नहीं है।

जब इस पूरे मामले में नायब तहसीलदार विष्णु घुगे से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को कल तहसीलदार मैडम के समक्ष उपस्थित कर मामले की स्पष्टता ली जाएगी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित बीएलओ और पर्यवेक्षक द्वारा एसआईआर मैपिंग कार्य में टालमटोल की जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय पर मैपिंग कार्य पूरा नहीं होता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी—यह सवाल भी नागरिकों द्वारा उठाया जा रहा है। साथ ही, दोषियों पर उचित कार्रवाई की मांग भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button