Crime NewsRajasthan

सांगानेर में दंपत्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, आरोपी परिचित फरार

राजस्थान की राजधानी जयपुर के सांगानेर सदर थाना इलाके में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां शांति विहार कॉलोनी में दिनदहाड़े पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड को दंपत्ति के परिचित ने अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला?

मृतकों की पहचान राजाराम (26) और उनकी पत्नी आशा मीना (25) के रूप में हुई है। दोनों सांगानेर रिको क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते थे। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आशा का परिचित मोनू उनके घर आया था। उस वक्त राजाराम की बहन भी घर में मौजूद थी। राजाराम ने बहन को मोनू से बात करने को कहा और खुद घर से बाहर चला गया।

दोपहर करीब 1 बजे राजाराम का छोटा भाई जब घर आया तो उसने अपने भाई और भाभी को खून से लथपथ पाया। दोनों के सिर पर गोली के गहरे घाव थे। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हत्या के पीछे का कारण अब तक अज्ञात

सांगानेर सदर थाना एसएचओ नंदलाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोनू और दंपत्ति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते उसने गोली चला दी। घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

पुलिस को घटना की सूचना दोपहर करीब ढाई बजे मिली। आरोपी मोनू की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।

इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने कॉलोनी में सुरक्षा कड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button