फिर दिखा तो टुकड़े-टुकड़े कर दूंगा” — मसूरी में कश्मीरी विक्रेता से मारपीट का वीडियो वायरल

उत्तराखंड के मसूरी में मॉल रोड पर कश्मीरी शॉल विक्रेताओं से मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक एक कश्मीरी विक्रेता को थप्पड़ मारते हुए और धमकाते हुए कह रहे हैं, “यहां दिखा तो टुकड़े-टुकड़े कर दूंगा।”
घटना 23 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति विक्रेता से आधार कार्ड दिखाने की मांग करता है और कार्ड देखने के बाद कहता है, “जम्मू और कश्मीर… अगर फिर दिखा तो टुकड़े-टुकड़े कर दूंगा।” इस घटना के बाद दहशत का माहौल बन गया।
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर तीनों आरोपियों को थाने बुलाया गया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे 22 अप्रैल को कश्मीर में हुई एक घटना से आहत थे और उसी के प्रभाव में आकर उन्होंने यह हरकत की। तीनों ने अपने कृत्य के लिए माफ़ी मांगी और भविष्य में ऐसा न करने का लिखित आश्वासन दिया। पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया और मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। आरोपियों की पहचान सूरज सिंह (निवासी टिहरी गढ़वाल), प्रदीप सिंह और अभिषेक उनियाल (दोनों निवासी मसूरी, देहरादून) के रूप में हुई है।
घटना के बाद जम्मू-कश्मीर छात्र संघ के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुहमी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल से जुड़े लोगों ने न सिर्फ दो कश्मीरी शॉल विक्रेताओं पर हमला किया, बल्कि 16 अन्य कश्मीरी व्यापारियों को धमकाया और जबरन उनके किराए के मकानों से निकाल दिया गया। खुहमी ने कहा कि ये सभी व्यापारी लंबे समय से मसूरी में रह रहे थे और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापार कर रहे थे। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस घटना से पहले भी कश्मीरी नागरिकों को लेकर तनाव की खबरें सामने आई थीं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद उत्तराखंड में पढ़ रहे दर्जनों कश्मीरी छात्र डर के कारण वापस कश्मीर लौट गए थे। 24 अप्रैल को देहरादून के पटेल नगर थाने में हिंदू रक्षा दल के नेता ललित शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, जिन्होंने कथित तौर पर कश्मीरी मुसलमानों को राज्य छोड़ने की धमकी दी थी।
