Breaking NewsMaharashtraSocial Media

सोशल मीडिया पर छत्रपति संभाजी महाराज का अपमान, आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ व आगजनी

चंद्रपुर (चिमूर): सोशल मीडिया पर छत्रपति संभाजी महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालकर उनका अपमान करने वाले आरोपी के खिलाफ संभाजी ब्रिगेड और शिव प्रतिष्ठान के कार्यकर्ताओं ने उग्र रुख अपनाया। नाराज भीड़ ने आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ कर आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद चिमूर में देर रात तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसे संभालने के लिए पुलिस को दंगा नियंत्रण दल बुलाना पड़ा।

सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट डालने से भड़का मामला

पुलिस के अनुसार, आरोपी सोनू उर्फ अल्ताफ इमदाद शेख (21), निवासी नेताजी वार्ड, चिमूर ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर छत्रपति संभाजी महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक और अश्लील पोस्ट डाली। इस पोस्ट के वायरल होते ही संभाजी ब्रिगेड और शिव प्रतिष्ठान संगठन के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।

रात करीब 10 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि, इस घटना के बाद चिमूर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

उग्र भीड़ ने आरोपी की दुकान में लगाई आग

गुस्साए कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने नेहरू विद्यालय परिसर में स्थित आरोपी की चिकन दुकान पर हमला कर दिया। दुकान में तोड़फोड़ के बाद वहां आगजनी की गई, जिससे पास की दो अन्य दुकानें भी जलकर खाक हो गईं। प्रदर्शनकारियों ने दुकान के सामने टायर जलाकर विरोध जताया और मुर्गियों को भी पिंजरे से छोड़ दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में लोग चिमूर के संभाजी चौक पर हजारे पेट्रोल पंप के पास एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी की। घटना की खबर आग की तरह पूरे शहर में फैल गई, जिससे जगह-जगह भीड़ इकट्ठा होने लगी।

पुलिस ने कड़ा बंदोबस्त किया, तनाव नियंत्रित

स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस ने दंगा नियंत्रण दल को बुला लिया और भारी सुरक्षा व्यवस्था कर दी। भीड़ के गुस्से को देखते हुए आरोपी को पहले भिसी पुलिस स्टेशन भेजा गया, लेकिन वहां भीड़ बढ़ने के कारण उसे वापस चिमूर थाने लाया गया।

रात होते-होते माहौल और तनावपूर्ण हो गया, जिससे वरिष्ठ अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) दिलीप भुजबल पाटिल, पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक रीना जनबंधु ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस निरीक्षक संतोष बाकल ने इलाके में कड़ा बंदोबस्त कर माहौल शांत करने की कोशिश की।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में, पुलिस की सतर्क निगरानी जारी

रातभर पुलिस बल ने शहर में गश्त लगाई और तनावपूर्ण माहौल को शांत करने का प्रयास किया। फिलहाल चिमूर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क बनी हुई है।

छत्रपति संभाजी महाराज के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट डालने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी सोनू उर्फ अल्ताफ इमदाद शेख के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है। वहीं, पुलिस ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
hi Hindi