इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर महिला को फंसाया, गर्भवती होने पर शादी से मुकरा

जलगांव: सोशल मीडिया पर अपराधों का बड़ा जाल फैलता जा रहा है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर लोगों को धोखा देने और मानसिक या आर्थिक रूप से फंसाने के कई मामले सामने आ रहे हैं। ऐसी ही एक चौंकाने वाली घटना जलगांव से सामने आई है, जहां इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद एक युवक ने महिला से शारीरिक संबंध बनाए और शादी का झांसा देकर धोखा दिया। आरोपी का नाम एकनाथ छबीलाल पवार है, जिसने महिला को मीठी-मीठी बातों में फंसाया।
इंस्टाग्राम पर भेजी फ्रेंड रिक्वेस्ट
पीड़ित महिला की शादी 2018 में हुई थी। लेकिन पति से अनबन होने के कारण वह पिछले दो साल से अमलनेर तालुका के अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान 2021 में उसे इंस्टाग्राम पर एक युवक की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। उस युवक का नाम एकनाथ छबीलाल पवार था। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और महिला को एकनाथ से प्यार हो गया।
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
एकनाथ ने महिला से शादी का वादा किया और कई बार खापरखेड़ा, सोनवड और पुणे में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन जब भी महिला ने शादी की बात की, तो एकनाथ ने बहाने बनाना शुरू कर दिया।
गर्भवती होने पर भाग गया आरोपी
महिला ने जब शादी का दबाव बनाया, तो दोनों के बीच झगड़े होने लगे। इस दौरान महिला गर्भवती हो गई, जिससे डरकर एकनाथ वहां से भाग गया। शादी से इनकार किए जाने के बाद पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एकनाथ छबीलाल पवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
जलगांव में बढ़ रहे प्रेम प्रसंग के अपराध
गौरतलब है कि जलगांव में प्रेम संबंधों के कारण अपराधों की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले महीने ही पिंप्राला हुडको क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद ससुराल वालों ने अपने दामाद को कोयता और चॉपर से वार कर मार डाला था। यहां तक कि बीच-बचाव करने आए उसके परिवार के सात सदस्यों को भी बेरहमी से घायल कर दिया गया था। जलगांव इस घटना से अभी उबरा भी नहीं था कि अब लव, सेक्स और धोखे का नया मामला सामने आ गया है।