ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ 6 दरिंदों ने किया सामूहिक बलात्कार! पुलिस ने सभी आरोपियों को झोंका जेल में

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक हैवानियत भरी घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां एक 22 वर्षीय ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ छह लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया। यह जघन्य घटना गुरुवार की रात 1:30 बजे से सुबह 6 बजे के बीच हुई, जब पीड़िता एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौट रही थी।
घटना की जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के शितुल गांव में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ इस कार्यक्रम में परफॉर्म करने आई थी। कार्यक्रम रात 10 बजे से 1 बजे तक चला। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पीड़िता चार मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ घर लौट रही थी। तभी रास्ते में 8-10 लोगों के एक समूह ने उनकी बाइक रोक दी। पीड़िता के पुरुष मित्र ने जब विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और पीड़िता को जबरन जंगल में ले गए। वहां छह लोगों ने उसके साथ बारी-बारी से बलात्कार किया। सुबह करीब 6 बजे आरोपी पीड़िता को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने किसी तरह घर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सिंगरौली एसपी मनीष खत्री ने बताया कि पीड़िता का बयान कोर्ट में दर्ज किया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि आरोपी पहले से ही पीड़िता पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही उसे अगवा कर ले गए। सभी आरोपी माड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।