शेयर बाजार के कर्ज में डूबे व्यक्ति ने पत्नी-बेटे की हत्या कर खुदकुशी की कोशिश

गांधीनगर के न्यू गांधीनगर सरगासन इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शेयर बाजार में भारी नुकसान और कर्ज के दबाव में आए 42 वर्षीय हरेश वाघेला ने अपनी पत्नी आशाबेन (38) और 5 वर्षीय बेटे ध्रुव की हत्या कर खुद आत्महत्या करने का प्रयास किया।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
पुलिस के अनुसार, हरेश वाघेला ने पहले अपनी पत्नी आशाबेन का गला दबाकर हत्या की और फिर अपने मासूम बेटे ध्रुव का सिर तिजोरी पर पटककर उसकी जान ले ली। इसके बाद उसने खुद कलाई काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया और गंभीर हालत में गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती है।
सुसाइड नोट में क्या लिखा?
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें हरेश ने शेयर बाजार में डूबे कर्ज को हत्या की वजह बताया। वह लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, जिससे मानसिक रूप से तनाव में था।
पड़ोसियों ने क्या कहा?
सोसाइटी में रहने वाले हितेश भाई ने बताया कि हरेश का परिवार करीब डेढ़ साल पहले यहां आया था। वे ज्यादा मेल-जोल नहीं रखते थे, लेकिन परिवार सभ्य और शांत था। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि ऐसा कुछ हो सकता है।
पुलिस जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि हरेश एक सैलून में काम करता था और उसकी पत्नी आशाबेन घरेलू कामकाज करके परिवार चलाने में मदद करती थी। उनका बेटा ध्रुव जूनियर केजी का छात्र था।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
