ईद पर BJP का बड़ा तोहफा: 32 लाख मुस्लिम परिवारों को मिलेगी ‘सौगात-ए-मोदी’ किट

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) अल्पसंख्यक मोर्चा ने देशभर के 32 लाख मुस्लिम परिवारों को ईद के मौके पर विशेष उपहार देने की घोषणा की है। ‘सौगात-ए-मोदी’ नाम से शुरू किए गए इस अभियान के तहत जरूरतमंद मुस्लिम परिवारों को खाने-पीने की वस्तुएं, कपड़े और अन्य जरूरी सामान दिए जाएंगे।
निजामुद्दीन से होगी अभियान की शुरुआत
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा के मार्गदर्शन में इस पहल की शुरुआत मंगलवार को दिल्ली के निजामुद्दीन से होगी। इसके तहत 32,000 भाजपा पदाधिकारी देशभर की 32,000 मस्जिदों से जुड़ेंगे और वहीं से जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें यह सहायता दी जाएगी।
क्या होगा ‘सौगात-ए-मोदी’ किट में?
‘सौगात-ए-मोदी’ किट में खाद्य सामग्री जैसे सेंवई, खजूर, ड्राई फ्रूट्स, चीनी, और अन्य आवश्यक वस्तुएं होंगी। इसके अलावा, महिलाओं के लिए सूट का कपड़ा और पुरुषों के लिए कुर्ता-पायजामा भी दिया जाएगा। प्रत्येक किट की अनुमानित कीमत ₹500-600 के बीच होगी।
सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देने की कोशिश
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य गरीब मुस्लिम परिवारों को बिना किसी परेशानी के त्योहार मनाने में मदद करना है। साथ ही, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा गुड फ्राइडे, ईस्टर, नवरोज और भारतीय नववर्ष जैसे अन्य अवसरों पर भी इसी तरह के अभियान चलाएगा।
जिला स्तर पर होंगे ईद मिलन समारोह
इस अभियान के तहत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा विभिन्न जिलों में ‘ईद मिलन’ समारोह का आयोजन भी करेगा। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी यासिर जिलानी के अनुसार, ‘सौगात-ए-मोदी’ योजना मुस्लिम समुदाय के बीच भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं को प्रचारित करने और राजनीतिक समर्थन जुटाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
BJP का मुस्लिम समुदाय तक पहुंचने का प्रयास
रमजान और ईद के मौके पर शुरू किया गया यह अभियान भाजपा के मुस्लिम समुदाय तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इससे भाजपा को 2024 के चुनावों के बाद अल्पसंख्यक समुदाय में अपनी पैठ मजबूत करने का मौका मिल सकता है।