पति दो पुरुषों के साथ था आपत्तिजनक स्थिति में, पत्नी ने देखा तो कर दी गई हत्या!

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक फ्लैट के अंदर बेड बॉक्स में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में फ्लैट मालिक विवेकानंद मिश्रा (64) और अभय कुमार झा उर्फ सोनू (29) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति आशीष कुमार (45) फरार है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका अंजू उर्फ अंजलि (35) ने कुछ दिन पहले अपने पति और दो अन्य आरोपियों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद वह अपने माता-पिता के घर लुधियाना चली गई थी। 21 मार्च को आशीष उसे वापस दिल्ली ले आया और 23 मार्च को तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को विवेकानंद मिश्रा के फ्लैट में बेड के अंदर छिपा दिया गया।
28 मार्च को फ्लैट से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घर बाहर से बंद मिला और पिछले दरवाजे के पास खून के निशान दिखे। जब पुलिस अंदर पहुंची, तो बेड बॉक्स में कंबल और बैग में लिपटा हुआ महिला का शव बरामद हुआ।
पूछताछ में विवेकानंद मिश्रा ने हत्या में अभय झा और अंजू के पति आशीष की संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने झा को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया, जबकि आशीष की तलाश जारी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका अंजू की एक चार साल की बेटी भी है।