Breaking NewsJammu & KashmirPolitics

राहुल, अखिलेश और तेजस्वी से ज्यादा देशभक्त हैं असदुद्दीन ओवैसी, जो मोदी का विरोध करते हैं लेकिन आतंकियों का समर्थन नहीं : आचार्य प्रमोद कृष्णम

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में चल रही राजनीतिक बहस के बीच कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने विपक्षी नेताओं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में इतने आगे निकल गए हैं कि अब देश और सेना के खिलाफ भी खड़े हो गए हैं।

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि इन नेताओं का हर उस संस्था और व्यक्ति पर सवाल उठाना जो राष्ट्रहित की बात करता है, अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी विरोध के चलते ये नेता अनजाने में देशविरोधी ताकतों का समर्थन कर बैठते हैं। उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी की तुलना में भी इन नेताओं को पीछे बताया और कहा कि ओवैसी मोदी का विरोध करते हैं, लेकिन आतंकवादियों का समर्थन नहीं करते, जबकि राहुल गांधी और अखिलेश यादव आतंकवादियों को आतंकवादी कहने से भी बचते हैं।

उन्होंने महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के उस बयान की भी आलोचना की जिसमें कहा गया था कि आतंकियों के पास धर्म पूछने का समय नहीं होता। प्रमोद कृष्णम ने इसे आतंकवाद पर बेहद गैर-जिम्मेदाराना बयान बताया और कहा कि राहुल, अखिलेश और तेजस्वी की तिकड़ी देशविरोधी ताकतों के खिलाफ बोलने से भी कतराती है, जो देश की एकता और सुरक्षा के लिए खतरा है।

चीन द्वारा पाकिस्तान की ओर से हमले की निष्पक्ष जांच की मांग के समर्थन पर उन्होंने कहा कि चीन हमेशा भारत को अस्थिर करना चाहता है और भारत विरोधियों का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि चीन का रवैया दिखाता है कि वह भी आतंकवाद के साथ खड़ा है, जिसे भारत को गंभीरता से लेना चाहिए।

पाकिस्तान के रेल मंत्री द्वारा भारत को परमाणु हमले की धमकी दिए जाने पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि भारत किसी भी धमकी से डरने वाला नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button