Breaking NewsCrime NewsThane

भिवंडी: एक ही परिवार के 4 सदस्यों ने की आत्महत्या, महिला ने तीन बेटियों के साथ लगाई फांसी

ठाणे जिले के भिवंडी शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। फेने गांव की एक चॉल में रहने वाली महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, पावरलूम मजदूर लालजी बनवारीलाल भारती रात की शिफ्ट में काम करने के बाद जब सुबह करीब 9 बजे घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए। अंदर पत्नी पुनीता भारती (32) और बेटियां नंदिनी (12), नेहा (7) और अनु (4) का शव छत के लोहे के एंगल से लटका हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बीट मार्शल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी उपजिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा था कि इस कदम के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक कृष्णदेव खराडे ने बताया कि, “फेने गांव में एक ही घर से 4 शव बरामद हुए हैं। यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।”

पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। वहीं, उन्होंने नागरिकों से किसी भी मानसिक तनाव या घरेलू परेशानी की स्थिति में मनोवैज्ञानिक सलाह लेने की अपील की है, ताकि ऐसी त्रासदियों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button