BiharBreaking News

पाकिस्तान की गोलीबारी में शहीद हुए BSF सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज को नम आंखों से अंतिम विदाई

सारण : पाकिस्तान की गोलीबारी में शहीद हुए बिहार के बीएसएफ सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज को सोमवार को उनके पैतृक गांव नारायणपुर (गड़खा प्रखंड, सारण) में पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। शहीद के अंतिम दर्शन के लिए गांव में जन सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोग नम आंखों से “पाकिस्तान मुर्दाबाद” और “मोहम्मद इम्तियाज अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।

शहीद के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों की आंखें छलक पड़ीं। पूरे गांव ने अपने वीर सपूत को गर्व और सम्मान के साथ विदाई दी।

शहीद के बेटे इमरान रजा ने भावुक होकर कहा, “मुझे अपने पिता पर गर्व है। वे बहुत मजबूत इंसान थे। मैं उन सभी को सलाम करता हूं जिन्होंने देश के लिए बलिदान दिया।” इमरान ने बताया कि उनकी आखिरी बार पिता से 10 मई की सुबह 5:30 बजे बात हुई थी। उस वक्त उनके दाहिने पैर में चोट लगी थी, और उसी शाम वे वीरगति को प्राप्त हो गए।

शहीद के सम्मान में बिहार के राजनीतिक और प्रशासनिक जगत की कई हस्तियां भी मौजूद रहीं। उनका पार्थिव शरीर लेने के लिए पटना हवाई अड्डे पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे थे।

पूरा गांव इस साहसी जवान के बलिदान पर गर्व महसूस कर रहा है, लेकिन उनकी शहादत ने हर आंख को नम कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button