Breaking NewsDelhiInternationalPoliticsSocial Media

वीडियो बना सबूत! यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की जासूसी की परतें खुद के चैनल से खुलीं

दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन में आयोजित इफ्तार पार्टी का एक वीडियो इन दिनों देश की सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ा सुराग बन गया है। इस वीडियो में मुस्कराती नजर आ रही हरियाणा की ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा उर्फ ‘Travel with JO’ अब जासूसी के गंभीर आरोपों के चलते राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के शिकंजे में है।

जासूसी के आरोप में यूट्यूबर गिरफ्तार

हरियाणा की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा को सुरक्षा एजेंसियों ने शनिवार को गिरफ्तार कर 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। उस पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को भारत की संवेदनशील जानकारियां साझा कीं। ज्योति के यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान से जुड़े कई वीडियो हैं, जिनमें वह लाहौर, कटास राज मंदिर और पाकिस्तानी लग्जरी बसों की यात्रा करती दिखाई देती है।

पाक हाई कमीशन से मिला था ‘स्पेशल निमंत्रण’

2023 में पाकिस्तान यात्रा के दौरान ज्योति की मुलाकात पाकिस्तानी अधिकारी ‘दानिश’ से हुई थी। इसके बाद उसे दिल्ली स्थित पाक हाई कमीशन की इफ्तार पार्टी के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। वायरल वीडियो में दानिश खुद ज्योति को रिसीव करते नजर आते हैं और मेहमानों से उनका परिचय कराते हैं।

‘Persona Non Grata’ घोषित हुआ पाकिस्तानी अधिकारी

भारत सरकार ने 13 मई को दानिश को ‘Persona Non Grata’ घोषित कर देश से निष्कासित कर दिया। जांच में खुलासा हुआ कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रहा था और उसकी ज्योति से कई बार मुलाकात हो चुकी थी।

सुरक्षा एजेंसियों को मिले डिजिटल सबूत

जांच में सामने आया है कि ज्योति व्हाट्सएप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे माध्यमों से पाकिस्तानी एजेंट्स के संपर्क में थी। माना जा रहा है कि उसने इन माध्यमों से भारत से संबंधित संवेदनशील सूचनाएं साझा कीं।

सोशल मीडिया पर बड़ी फॉलोइंग

ज्योति के यूट्यूब चैनल ‘Travel with JO’ पर 3.7 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं, वहीं इंस्टाग्राम पर उसके 1.3 लाख फॉलोअर्स हैं। एजेंसियां अब उसके सभी सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों की बारीकी से जांच कर रही हैं।

यह मामला सोशल मीडिया की आड़ में देश की सुरक्षा से खिलवाड़ का बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच जारी है और माना जा रहा है कि इस नेटवर्क में और भी नाम सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button