Breaking NewsInternationalJammu & KashmirPolitics

इमरान खान का मोदी सरकार और RSS पर हमला: “पाकिस्तान पर दोष मढ़ना सही नहीं”

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘बेहद दुखद और परेशान करने वाला’ बताया है। खान ने मंगलवार, 22 अप्रैल को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और भारत पर गंभीर आरोप लगाए।

‘फिर दोहराया गया 2019 जैसा रवैया’

इमरान खान ने कहा, “जब पुलवामा की घटना हुई थी, तब पाकिस्तान ने भारत को हरसंभव सहयोग की पेशकश की थी, लेकिन भारत कोई ठोस सबूत नहीं दे सका। जैसा कि मैंने 2019 में कहा था, वही परिपाटी एक बार फिर पहलगाम की घटना के बाद दोहराई जा रही है। आत्मनिरीक्षण और जांच की जगह मोदी सरकार एक बार फिर पाकिस्तान पर दोष मढ़ रही है।”

भारत को दी जिम्मेदारी से काम करने की सलाह

खान ने भारत पर निशाना साधते हुए कहा, “1.5 अरब लोगों का देश होने के नाते भारत को इस प्रकार की घटनाओं को लेकर जिम्मेदारी से काम करना चाहिए, न कि भावनाओं में बहकर आरोप लगाने चाहिए।”

‘शांति को कायरता न समझें’

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, “शांति हमेशा हमारी प्राथमिकता रही है, लेकिन इसे कभी भी कायरता नहीं समझा जाना चाहिए। पाकिस्तान के पास भारत के किसी भी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने की पूरी क्षमता है, जैसा कि हमने 2019 में दिया था।”

कश्मीरियों के अधिकार और UN प्रस्तावों का जिक्र

इमरान खान ने फिर से कश्मीर का मुद्दा उठाते हुए कहा, “मैं हमेशा कश्मीरियों के आत्मनिर्णय के अधिकार पर जोर देता आया हूं, जैसा कि संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों में गारंटी दी गई है।”

RSS को बताया ‘गंभीर खतरा’

खान ने अपने बयान में भारत की विचारधारा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “मैं इस तथ्य को बार-बार उजागर करता रहा हूं कि आरएसएस की विचारधारा के नेतृत्व वाला भारत न केवल इस क्षेत्र बल्कि उससे बाहर की दुनिया के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है।”

इमरान खान के इस बयान के बाद भारत-पाक संबंधों में एक बार फिर तनाव की संभावना बढ़ गई है। हालांकि भारत सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button