औरंगाबाद कोर्ट में गैंगस्टर अजय ठाकुर का तांडव, पुलिसकर्मी को बीच अदालत में मारी लात

औरंगाबाद जिला सत्र न्यायालय में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक कुख्यात गैंगस्टर ने कोर्ट में जमकर हंगामा किया और पुलिसकर्मी की छाती पर जोरदार लात मारी। इस घटना के बाद आरोपी के खिलाफ वेदांतनगर पुलिस थाने में सरकारी कर्मचारी पर हमला करने का मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी का नाम अजय ठाकुर है, जो पहले से ही मोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत जेल में बंद है। अजय ठाकुर और उसकी पत्नी रानी फरवरी माह से मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में हर्सूल जेल में बंद हैं। दोनों पर मोका के तहत कार्रवाई की गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे सहायक फौजदार अमरसिंह ठाकुर अपने साथियों के साथ अजय ठाकुर, उसकी पत्नी और अन्य कैदियों को जिला सत्र न्यायालय लेकर पहुंचे थे। लेकिन कोर्ट के क्लर्क की छुट्टी होने के कारण सुनवाई आगे बढ़ाकर 21 अगस्त कर दी गई। इसके बाद कैदियों को वापस हर्सूल जेल ले जाने का निर्णय लिया गया।
इसी दौरान अजय ठाकुर ने पुलिस के साथ जाने से इनकार कर दिया और कहा, “मेरे वकील और रिश्तेदार आ रहे हैं, मैं अभी नहीं जाऊंगा।” पुलिस ने जब उसे नियम याद दिलाते हुए गाड़ी में बैठने को कहा, तो वह भड़क गया और कोर्ट में हंगामा करने लगा। इसी दौरान उसने सहायक फौजदार अमरसिंह की छाती पर जोरदार लात मार दी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अजय ठाकुर एक शातिर अपराधी है और उस पर सिडको, सातारा, मुकुंदवाड़ी, जिन्सी, क्रांति चौक सहित विभिन्न थानों में पोक्सो और अन्य गंभीर अपराधों के कुल 38 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस घटना की आगे की जांच कर रही है।
