सातारा में वहशी दरिंदा: नाबालिग को कार में अगवा कर लॉज में किया रेप, दो दोस्त भी शामिल

सातारा जिले में एक 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ 25 वर्षीय युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोपी ने छात्रा को कार में बैठाकर लॉज तक ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की और हत्या की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह घटना शनिवार, 2 अगस्त 2025 को दोपहर करीब दो बजे हुई।
दो साल से कर रहा था उत्पीड़न
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी 2023 से, जब वह आठवीं कक्षा में थी, लगातार उसका पीछा और मानसिक प्रताड़ना कर रहा था। आरोपी उसे धमकाता था—”तू मुझसे बात कर, नहीं तो मैं तेरे घरवालों को जान से मार दूंगा।”
लॉज में ले जाकर किया दुष्कर्म
2 अगस्त 2025 को दोपहर, आरोपी ने छात्रा को फोन कर सातारा शहर के एक चौक पर बुलाया। उसकी कार में उसके दो दोस्त भी मौजूद थे। आरोपी ने पीड़िता को कार में जबरन बैठाया और पोवाई नाका इलाके के पास एक लॉज तक ले गया। पहले कार की पार्किंग में उसके साथ अश्लील हरकतें कीं, फिर लॉज के अंदर ले जाकर हत्या की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया।
दोस्तों पर भी केस दर्ज
खास बात यह है कि आरोपी के दोनों दोस्त भी जानते थे कि लड़की नाबालिग है, इसके बावजूद उन्होंने आरोपी का साथ दिया और लॉज तक उसकी मदद की। शाहुपुरी पुलिस थाने में इन दोनों दोस्तों के खिलाफ भी पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस कर रही जांच
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए घटना के बाद सीधे पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया चल रही है।
