नागपुर: विवाहित प्रेमिका की हत्या कर शव से किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

नागपुर के हुडकेश्वर इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी विवाहित प्रेमिका की हत्या करने के बाद उसके शव के साथ दुष्कर्म किया। यह घटना तब सामने आई जब महिला की बेटी स्कूल से घर लौटी और अपनी मां का शव देखकर हैरान रह गई। पुलिस ने आरोपी रोहित गणेश टेकाम को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
32 वर्षीय पीड़ित महिला मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली थी और 6 साल पहले अपने पति के साथ काम की तलाश में नागपुर आई थी। उसका पति दिनभर ढाबे पर काम करता था और देर रात घर लौटता था। इसी दौरान महिला की मुलाकात रोहित टेकाम से हुई, जो कंस्ट्रक्शन इंजीनियर है। दो साल पहले हुडकेश्वर खुर्द इलाके में एक इमारत के निर्माण के दौरान दोनों की पहचान हुई और फिर प्रेम संबंध शुरू हो गए। जब भी महिला का पति घर पर नहीं होता था, रोहित उससे मिलने आता था।
शारीरिक संबंध से इनकार पर हत्या
घटना वाले दिन, 6 फरवरी को, जब महिला का पति काम पर गया हुआ था, उसने रोहित को अपने घर बुलाया। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसके बाद रोहित ने शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया। इससे गुस्साए रोहित ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद भी उसने शव के साथ दुष्कर्म किया और फिर मौके से फरार हो गया।
बेटी ने देखी मां की लाश, आरोपी गिरफ्तार
शाम को जब महिला की बेटी स्कूल से घर लौटी तो उसने अपनी मां का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मेडिकल रिपोर्ट में शव के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन का कॉल रिकॉर्ड खंगाला और आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रोहित ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
