नाशिक: द्वारका फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, 4 की मौत, कई घायल

नाशिक: नाशिक के द्वारका फ्लाईओवर पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5-6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की संख्या बढ़कर 7 तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा:
शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच एक आयशर ट्रक (MH 25 U 0508) और पिकअप वाहन (MH 15 FV 5601) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के कारण नाशिक से मुंबई जाने वाली ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गई। फ्लाईओवर पर वाहनों की 4-5 किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं, और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
घायलों का इलाज जारी:
नाशिक जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. चारुदत्त शिंदे ने बताया, “जब घायलों को अस्पताल लाया गया, तब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी थी। 5 घायलों को गंभीर अवस्था में लाया गया, जिनमें से 2 की हालत नाजुक है। घायलों का इमरजेंसी वार्ड में इलाज चल रहा है, जबकि कुछ को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।”
नवी मुंबई: रॉन्ग साइड में जा रहीं 2 युवतियों की मौत
नवी मुंबई: नवी मुंबई में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में नाइट शिफ्ट से लौट रहीं दो युवतियों की मौत हो गई। 22 वर्षीय संस्कृती खोकले और उसकी 19 वर्षीय दोस्त अंजली पांडे बाइक से बोनकोडे जा रही थीं, जब कोपरी ब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर एक स्कोडा कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
सीसीटीवी फुटेज में हादसा कैद:
पुलिस के अनुसार, संस्कृती और अंजली रॉन्ग साइड से जा रही थीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दोनों को सड़क पर गिरते हुए देखा जा सकता है। हादसा सुबह 7 बजे हुआ, और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे में शामिल वाहन चालक की तलाश जारी है।
