जमीन विवाद में खौफनाक हत्याकांड: बाप-बेटे ने दिनदहाड़े पति-पत्नी को उतारा मौत के घाट!

उस्मानाबाद जिले में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी मोड़ ले लिया। तुळजापुर-सोलापुर हाईवे पर करजखेडा गांव के बीचोंबीच मंगलवार को बाप-बेटे ने मिलकर एक दंपत्ति की निर्मम हत्या कर दी। वारदात इतनी खौफनाक थी कि पहले आरोपीयों ने पति-पत्नी को अपनी गाड़ी से टक्कर मारी, और जैसे ही वे सड़क पर गिरे, दोनों गाड़ी से उतरकर कोयते से ताबड़तोड़ वार करने लगे, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान सहदेव पवार और प्रियांका पवार के रूप में हुई है, जबकि आरोपियों के नाम जीवन हरिबा चव्हाण और हरिबा यशवंत चव्हाण बताए गए हैं। घटना के बाद आरोपी कुछ ही मिनटों में फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सहदेव पवार और चव्हाण परिवार के बीच कई सालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद में पहले सहदेव पवार पर आईपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसके चलते वह कई साल जेल में रहे। हाल ही में औरंगाबाद हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली थी। पुलिस का मानना है कि इसी रिहाई के बाद बदले की भावना से आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
सूत्रों के मुताबिक, इस हत्याकांड में सिर्फ दो नहीं बल्कि पांच लोगों के शामिल होने की संभावना है। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए थे। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
