बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, तीन युवकों की मौके पर मौत

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के पेंडारी गांव में एक तेज रफ्तार बाइक पेड़ से जा टकराई, जिससे बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात लौटते समय पेंडारी गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों युवक दूर जा गिरे।
मौके पर ही मौत
दुर्घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हेडलाइट टूट चुकी थी और बाइक के पुर्जे बिखर गए थे। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया भी जारी है। हादसे की खबर से इलाके में शोक की लहर है।
तेज रफ्तार और असावधानी से जानलेवा हादसे बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे हादसों से सबक लेना जरूरी।
