Breaking NewsCrime NewsNashik

नाशिक ZP में बड़ा सेक्सुअल हरासमेंट कांड: विभाग प्रमुख अधिकारी ने 30 महिला कर्मचारियों का किया यौन शोषण, आपत्तिजनक वीडियो और चैट्स सामने आए

नाशिक  – नाशिक जिला परिषद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी पर कार्यालय में कार्यरत करीब 30 महिला सहकर्मियों के यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। मामले में कुछ आपत्तिजनक वीडियो क्लिप्स और अश्लील चैट्स भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

आरोपी अधिकारी जिला परिषद के एक विभाग में प्रमुख पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पिछले कुछ समय से लगातार महिला कर्मचारियों का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया। उसके वरिष्ठ पद पर होने के कारण कोई भी महिला खुलकर शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। लेकिन आखिरकार एक पीड़िता ने साहस दिखाते हुए गुमनाम शिकायत दर्ज कराई, जिससे पूरा मामला उजागर हुआ।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी असीमा मित्तल को एक पेन ड्राइव के माध्यम से यह शिकायत साक्ष्यों सहित प्राप्त हुई, जिसमें कई अश्लील वीडियो और संदेश शामिल थे। इसके बाद तुरंत एक जांच समिति का गठन किया गया है और दो दिनों के भीतर समिति की रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राज्य महिला आयोग ने भी इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए हस्तक्षेप किया है। जानकारी के मुताबिक, सिर्फ एक विभाग प्रमुख ही नहीं बल्कि दो अन्य अधिकारियों के भी इस घिनौने कृत्य में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित प्रशासन इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।

सरकारी दफ्तरों में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर यह मामला फिर से चिंता का विषय बन गया है। जब उच्च पदों पर बैठे अधिकारी ही इस तरह का व्यवहार करते हैं, तो महिलाओं की कार्यस्थलों पर सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए – यह बड़ा सवाल बनकर सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button