बेटी के प्रेम-प्रसंग से नाराज पिता बना हैवान, 4 साथियों के साथ मिलकर की हत्या, शव के टुकड़े कर भट्ठी में जलाया

मुजफ्फरपुर, बिहार: मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की प्रेम-प्रसंग के चलते बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर उसे मिट्टी के बर्तन पकाने वाली भट्ठी में जला दिया गया। इस वारदात को अंजाम देने में पिता के साथ चार अन्य लोग भी शामिल थे।
डीजे पार्टी के बीच हुई हत्या
घटना 24 अप्रैल की देर शाम की है। ग्रामीणों ने बताया कि उस दिन आरोपित के घर एक डीजे पार्टी चल रही थी। तेज़ आवाज़ में म्यूज़िक बज रहा था और उसी दौरान घर के अंदर किशोरी की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को टुकड़ों में काटकर पास की भट्ठी में जलाया गया, ताकि किसी को शक न हो।
प्रेम-प्रसंग से नाराज था पिता
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मार्च महीने में दोनों घर से भाग गए थे, लेकिन सामाजिक दबाव और पुलिस की मदद से 19 मार्च को दोनों ने मुशहरी थाना में आत्मसमर्पण किया। थाने में लड़की को उसके पिता को सौंप दिया गया था। हालांकि, दोनों के बीच फोन पर बातचीत जारी रही, जिससे पिता लगातार नाराज रहता था।
चौकीदार की सतर्कता से खुला राज
चौकीदार अनिल कुमार को घटना की भनक लगते ही उसने थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छानबीन शुरू की और चौकीदार के बयान के आधार पर किशोरी के पिता के खिलाफ केस दर्ज किया गया। बीते 30 अप्रैल की रात पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या और साक्ष्य मिटाने की बात कबूली
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। उसने यह भी बताया कि इस जघन्य वारदात में चार अन्य लोग शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इसे अमानवीय करार दे रहे हैं।
यह मामला ना सिर्फ एक बर्बर अपराध की कहानी है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कैसे सामाजिक दबाव और झूठी प्रतिष्ठा के नाम पर एक पिता अपनी ही संतान का हत्यारा बन बैठता है।
