Breaking NewsInternationalPolitics

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच OIC ने दिया पाकिस्तान को समर्थन, कश्मीर मुद्दे पर फिर गरमाई सियासत

भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान अब मुस्लिम देशों का समर्थन जुटाने में लग गया है। 57 इस्लामिक देशों के संगठन OIC (ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन) ने दक्षिण एशिया में हालात पर चिंता जताते हुए पाकिस्तान के साथ एकजुटता दिखाई है। OIC के राजदूतों ने पाकिस्तान के पक्ष में बयान जारी करते हुए कश्मीर मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र और OIC के प्रस्तावों के मुताबिक समाधान की मांग की है।

न्यूयॉर्क में आयोजित OIC राजदूतों की बैठक में पाकिस्तान के यूएन राजदूत आसिम इफ्तिखार अहमद ने दक्षिण एशिया के हालात को लेकर जानकारी दी। उन्होंने भारत के हालिया फैसलों को “भड़काऊ, राजनीति से प्रेरित और गैर-जिम्मेदाराना” करार देते हुए कहा कि ये क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा हैं। पाकिस्तान ने OIC से भारत की नीतियों और उसके परिणामों पर गौर करने की अपील की।

बैठक में OIC के प्रतिनिधियों ने पाकिस्तान और उसकी जनता के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए तनाव को कूटनीतिक तरीके से कम करने की सलाह दी। खासतौर पर कश्मीर विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने पर जोर दिया गया।

इधर, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सुरक्षा हालात पर अहम बैठक की। नेताओं ने भारत से किसी भी “आक्रामक कार्रवाई” का माकूल जवाब देने का संकल्प लिया। यह बैठक जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद हुई, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

शरीफ ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-सानी से टेलीफोन पर बात कर हमले की जांच में पारदर्शिता के लिए सहयोग की पेशकश भी दोहराई है। पाकिस्तान की इस कूटनीतिक कवायद को भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button