जालना : बाबासाहेब सोमधने हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई — सभी चार आरोपी गिरफ्तार, 24 नवंबर तक पुलिस हिरासत

जालना/कादरी हुसैन
अहंकार देऊलगांव के पूर्व सरपंच बाबासाहेब सोमधने की अंबड रोड पर जांगड़े पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार शाम तलवार से की गई नृशंस हत्या मामले में पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सब्ज़ी खरीदते समय हुए इस हमले ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी।
पुलिस के अनुसार, हमलावर टाटा सुमो से घटनास्थल पर पहुंचे थे। वारदात के तुरंत बाद उन्होंने वाहन वहीं छोड़ दिया और ऑटोरिक्शा से फरार होने का प्रयास किया। इसी दौरान कदीम पुलिस ने मनोहर उर्फ बळीराम मच्छिंद्र सोमधने, सचिन मारुती गायकवाड और मच्छिंद्र साहेबराव सोमधने—इन तीनों को घटनास्थल के पास से पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से भाग निकला।
शुक्रवार को फरार आरोपी अर्जुन मच्छिंद्र सोमधने को भी कदीम पुलिस ने अहंकार देऊलगांव शिवार में समृद्धि महामार्ग के समीप से गिरफ्तार कर लिया, जिससे चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
आज चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय ने उन्हें 24 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस हत्याकांड की जांच कदीम पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक जनार्दन शेवाळे द्वारा की जा रही है।
