अक्कलकोट में बवाल: संभाजी ब्रिगेड अध्यक्ष प्रवीण गायकवाड पर कालिख पोती, सड़क पर हुई पिटाई

अक्कलकोट से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां छत्रपति संभाजी महाराज के नाम को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शिवधर्म फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं और शिवभक्तों ने संभाजी ब्रिगेड के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण गायकवाड के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अक्कलकोट में उनके चेहरे पर कालिख पोत दी और उनकी पिटाई कर दी।
मामले की जड़ें उस विरोध में हैं, जिसमें शिवधर्म फाउंडेशन का आरोप है कि संभाजी ब्रिगेड अपनी संस्था के नाम में छत्रपति संभाजी महाराज का एकवचन उल्लेख कर रही है, जो कि अपमानजनक है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ‘संभाजी’ शब्द अकेले उपयोग कर वे महाराज का सम्मान कम कर रहे हैं।
प्रवीण गायकवाड फत्तेसिंह शिक्षण संस्था और सकल मराठा समाज के एक कार्यक्रम में भाग लेने अक्कलकोट पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद शिवधर्म फाउंडेशन के कुछ कार्यकर्ताओं ने अचानक उनके पास पहुंचकर पहले गाली-गलौज की और फिर उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। इसके बाद जैसे ही गायकवाड कार में बैठने लगे, कुछ आक्रोशित कार्यकर्ता कार के भीतर घुस गए और उनकी पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार, उन्हें सड़क पर भी पीटा गया।
इस हमले के पीछे स्वामी समर्थ का उल्लेख करते हुए की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी भी एक बड़ा कारण बताया जा रहा है। शिवधर्म फाउंडेशन पहले भी इस मुद्दे पर भूख हड़ताल कर चुका है और अब चेतावनी दी गई है कि यदि संभाजी ब्रिगेड ने महाराज का एकवचन उल्लेख बंद नहीं किया, तो उन्हें महाराष्ट्र की सड़कों पर नहीं चलने दिया जाएगा।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है, खासकर पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के उन क्षेत्रों में जहां संभाजी ब्रिगेड की उपस्थिति प्रभावी है। हालांकि, प्रवीण गायकवाड की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खलबली मचा दी है।
