भिवंडी में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों पर खूनी हमला, दो की चाकू से हत्या — इलाके में फैली दहशत!

भिवंडी: खारबाव-चिंचोटी सड़क पर खारड़ी गांव में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी समेत दो युवकों की चाकू से वार करके हत्या कर दी गई। यह घटना कल रात लगभग 11 बजे हुई। मारे गए युवकों के नाम प्रफुल्ल तांगड़ी और तेजस तांगड़ी हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तांगड़ी अपने जे. डी. टी. इंटरप्राइजेज कार्यालय में दो साथियों के साथ बैठे थे। तभी चार से पांच हमलावर वहां आए और धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में प्रफुल्ल तांगड़ी और तेजस तांगड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य साथी घायल हुआ है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हमलावरों की तलाश में कई टीमों को रवाना कर चुकी है। इस हत्या के बाद भिवंडी शहर के अपराध और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है।
