Breaking NewsCrime NewsMaharashtra

अमरावती में सहायक पुलिस उपनिरीक्षक की निर्मम हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

अमरावती जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां वलगांव पुलिस थाने में तैनात सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) अब्दुल कलाम अब्दुल कादर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह वारदात शनिवार शाम साढ़े पांच बजे के करीब वलगांव रोड पर नवसारी गांव के पास हुई।

सूत्रों के अनुसार, ASI अब्दुल कलाम अपनी दोपहिया वाहन से कहीं जा रहे थे, तभी पीछे से एक कार ने उन्हें टक्कर मारी। इसके बाद कार से उतरे हमलावरों ने उन्हें ज़मीन पर गिरते ही उनकी छाती और पेट पर चाकू से कई बार वार किया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। गुन्हे शाखा यूनिट 1 और गाडगेनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो आरोपी — ज़ियाउद्दीन एहसान उद्दीन और अवेज़ खान अयूब खान — ने अपराध स्वीकार कर लिया है। एक अन्य आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड में कुल छह आरोपी शामिल हो सकते हैं और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।

हत्या की पृष्ठभूमि में 20 जून की एक घटना को वजह बताया जा रहा है। दरअसल, मृतक ASI अब्दुल कलाम के भाई अब्दुल सलाम का कुछ लोगों से पैसों को लेकर विवाद हुआ था। जब अब्दुल कलाम ने उस मामले में बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने इसे अपनी बेइज्जती मान लिया और बदला लेने के लिए उनकी हत्या की योजना बना डाली।

फिलहाल गाडगेनगर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button