एंबुलेंस बनी हैवानियत का अड्डा: महिला होमगार्ड अभ्यर्थी से गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार

बिहार के गया जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बोधगया के बीएमपी-3 खेल मैदान में हो रही महिला होमगार्ड भर्ती के दौरान एक महिला अभ्यर्थी के साथ एंबुलेंस में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के बेहोश होने पर उसे मगध मेडिकल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही एंबुलेंस चालक और टेक्नीशियन ने उसे हवस का शिकार बना डाला।
घटना 25 जुलाई की है, जब भर्ती के दौरान इमामगंज की रहने वाली युवती दौड़ते समय बेहोश हो गई थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में महिला के साथ गैंगरेप हुआ। पीड़िता को होश में आने के बाद जब उसने पुलिस को आपबीती सुनाई तो पूरे महकमे में हड़कंप मच गया।
एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के भीतर एंबुलेंस चालक विनय कुमार और टेक्नीशियन अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है और बयान दर्ज कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि बीएमपी-3 मैदान से मगध मेडिकल अस्पताल की दूरी सिर्फ 20 मिनट की है, लेकिन इसी रास्ते में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। आमजन का सवाल है कि जब एंबुलेंस जैसी जीवनरक्षक सेवा भी सुरक्षित नहीं रही, तो महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? लोग दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आरोपियों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
