Breaking NewsDelhiInternationalPolitics

ऑपरेशन सिंदूर पर पाकिस्तानी मीडिया की तीखी प्रतिक्रिया, ISPR बोला- भारत ने किया कायराना हमला, जवाब ज़रूर मिलेगा

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय वायुसेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों पर टारगेटेड स्ट्राइक की। इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तानी मीडिया और सेना की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

पाकिस्तान की इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने भारत की कार्रवाई को “कायराना हमला” बताया। उन्होंने ARY News से बात करते हुए दावा किया कि भारत ने आधी रात को बहावलपुर, कोटली और मुजफ्फराबाद में एयरस्ट्राइक की। चौधरी ने कहा कि यह हमला भारतीय एयरस्पेस के भीतर से किया गया और पाकिस्तान इसका जवाब अपने चुने हुए वक्त और स्थान पर देगा।

सरकारी प्रसारक PTV News ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी कि पाकिस्तान ने भारतीय हमले के जवाब में सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। हमले में एक बच्चे के मारे जाने और एक महिला सहित दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी ARY News से बातचीत में आरोप लगाया कि भारत ने रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया और अपनी सीमा के भीतर रहकर हमला किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भारत सीमा पार करने की कोशिश करता है, तो पाकिस्तान उसका करारा जवाब देगा।

वहीं, पाकिस्तानी अखबार ‘Daily Pakistan’ ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि भारत ने ‘जवाबी कार्रवाई’ के नाम पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया है। अखबार ने ISPR के हवाले से भारत की एयरस्ट्राइक की पुष्टि की।

गौरतलब है कि भारत की ओर से अब तक इस ऑपरेशन को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पाकिस्तानी मीडिया और सैन्य सूत्रों की प्रतिक्रियाएं इस क्षेत्र में तनाव और बढ़ने का संकेत दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button