लोणार वकील संघ का विरोध प्रदर्शन: अॅड. विष्णु वाघ पर फर्जी FIR के खिलाफ मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन
प्रतिनिधि : फिरदोस खान पठान

लोणार: तहसील के अधिवक्ता संघ ने अपने सदस्य अॅडवोकेट विष्णु भगवान वाघ पर पुलिस द्वारा कथित रूप से दर्ज की गई फर्जी एफआईआर के विरोध में 18 जुलाई को तहसीलदार के माध्यम से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा है।
यह मामला 16 जुलाई की रात 7:30 बजे का है जब लोणार पुलिस स्टेशन द्वारा मौजे पिंपळनेर निवासी प्रकाश मराजी भारशंकर की शिकायत पर बिना किसी गहन जांच के अॅड. विष्णु वाघ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। ज्ञापन में बताया गया कि अॅड. वाघ उस समय अपने मुवक्किल मराजी दगडु भारशंकर की ओर से एक कानूनी दस्तावेज की रजिस्ट्री कराने के लिए द्वितीय निबंधक कार्यालय, लोणार में मौजूद थे। इस दौरान प्रकाश भारशंकर, उसका बेटा आकाश और पत्नी रेखा निबंधक कार्यालय में जबरन घुस आए और अॅड. वाघ, उनके मुवक्किल और गवाहों पर चाकू से जानलेवा हमला किया।
अॅड. विष्णु वाघ का कहना है कि उनका प्रकाश भारशंकर से कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है और वह केवल पेशेवर रूप से उनके विरोधी पक्ष के वकील थे। बावजूद इसके, झूठे आरोप लगाकर उन्हें इस मामले में फंसाया गया। खास बात यह है कि हमले की घटना का वीडियो कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें साफ दिखता है कि अॅड. वाघ शांतिपूर्वक अपने काम में लगे थे और किसी से कोई वाद-विवाद नहीं कर रहे थे।
अधिवक्ताओं ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पुलिस अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाए। इस घटना के विरोध में सिंदखेडराजा, देऊळगाव राजा, मेहकर, बुलढाणा, रिसोड और वाशिम के स्थानीय वकीलों ने 16 और 17 जुलाई को न्यायालयीन कार्य से दूर रहकर विरोध दर्ज किया है।
इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर वकीलों के साथ-साथ आम नागरिकों में भी आक्रोश और चर्चा का माहौल बन गया है।
