गुरु बना गुरुघंटाल: शिक्षक रामेश्वर साह ने कक्षा दूसरी और चौथी की छात्राओं के साथ किया अश्लील हरकतें, गुस्साई भीड़ ने शिक्षक की जमकर की पिटाई!

सिवान जिले के महाराजगंज नगर पंचायत वार्ड संख्या 8 स्थित राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय, कपिया से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने शिक्षक जैसे पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। विद्यालय के शिक्षक रामेश्वर साह पर कक्षा 2 और 4 की छात्राओं से छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने का गंभीर आरोप लगा है।
छात्राओं ने शुक्रवार को अपने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद शनिवार को आक्रोशित परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और शिक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने शिक्षक की जमकर पिटाई की। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर शिक्षक को एक कमरे में बंद किया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई पुलिस वाहन नहीं पहुंचा, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद एक ग्रामीण द्वारा एसपी मनोज कुमार तिवारी को सूचना दी गई। उनके निर्देश पर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार, एसआई ललन सिंह, एसआई ओम प्रकाश सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शिक्षक को कमरे से बाहर निकालकर अपनी गाड़ी में बैठाया, लेकिन भीड़ दोबारा हमला करने को तैयार थी। अंततः पुलिस ने शिक्षक को सुरक्षित हिरासत में लिया।
घटना के बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजकिशोर उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने इसे बेहद घृणित कृत्य बताते हुए कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी को शिक्षक के निलंबन के लिए पत्र भेजा जा रहा है। साथ ही सोमवार से विद्यालय में दो महिला शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह घटना न केवल समाज को झकझोरने वाली है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है, जहां बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
