Breaking NewsDelhiEntertainment

OTT रियलिटी शो ‘हाउस अरेस्ट’ पर अश्लीलता फैलाने का आरोप, बैन की उठी मांग — एजाज खान को महिला आयोग का समन

नई दिल्ली: OTT प्लेटफॉर्म Ullu App पर प्रसारित होने वाला रियलिटी शो ‘हाउस अरेस्ट’ विवादों के घेरे में आ गया है। शो पर खुलेआम अश्लीलता परोसने और समाज में विकृति फैलाने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। हाल ही में शो के कुछ क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें शो के होस्ट एजाज खान प्रतियोगियों से ‘कामसूत्र’ पर चर्चा और प्रदर्शन कराते नज़र आए। इस पर कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने नाराजगी जताई है और शो पर तुरंत बैन लगाने की मांग की है।

क्या है विवाद?

‘हाउस अरेस्ट’ एक ऐसा रियलिटी शो है जिसमें प्रतियोगियों को एक घर में ‘नज़रबंद’ किया जाता है और उन्हें विभिन्न बोल्ड टास्क दिए जाते हैं। यह शो यूट्यूब और उल्लू ऐप पर प्रसारित होता है। हाल ही में सामने आए एक एपिसोड में अश्लील भाषा और क्रियाओं को दिखाया गया, जिसे लेकर दर्शकों और सामाजिक संगठनों में आक्रोश है।

प्रियंका चतुर्वेदी और शिवसेना (यूबीटी) की प्रतिक्रिया

राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शो की आलोचना करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से इस पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिवसेना यूबीटी नेता अंबादास दानवे ने कहा, “अगर यह शो अश्लीलता फैला रहा है तो उस पर एफआईआर होनी चाहिए। कुछ लोग लोकप्रियता के लिए सीमाएं लांघ रहे हैं।”

बीजेपी का सख्त रुख

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि इस तरह की सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक चित्रा वाघ ने कहा, “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अश्लीलता को खुली छूट नहीं दी जा सकती। ‘हाउस अरेस्ट’ सिर्फ एक शो नहीं, यह समाज की मानसिकता को दूषित कर रहा है। छोटे बच्चों तक यह कंटेंट आसानी से पहुंच रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।”

महिला आयोग का बड़ा कदम

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने शो और Ullu ऐप के खिलाफ संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने उल्लू ऐप के CEO विभु अग्रवाल और शो होस्ट एजाज खान को समन भेजा है और 9 मई को तलब किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि “ऐसी सामग्री महिलाओं के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाती है और उनके उत्पीड़न को बढ़ावा देती है। अगर इसे अश्लील पाया गया तो BNS और IT Act के तहत कार्रवाई की जाएगी।”

क्या OTT पर अश्लीलता की खुली छूट है?

यह विवाद एक बार फिर इस सवाल को उठाता है कि क्या OTT प्लेटफॉर्म्स पर अश्लीलता को “क्रिएटिव फ्रीडम” के नाम पर फैलने दिया जा रहा है? सोशल मीडिया पर भी इस शो के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट रहा है, और #BanHouseArrest जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button