हिंदुस्तान मुर्दाबाद लिखकर पाकिस्तान जिंदाबाद के लगाए नारे, दो सनातनी एकता मंच के हिंदू गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद देशभर में तनाव और गुस्से का माहौल है। इसी संवेदनशील समय में पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने विफल कर दिया है। गोपालनगर थाना क्षेत्र के अकाईपुर रेलवे स्टेशन के पास एक सार्वजनिक शौचालय की दीवार पर पाकिस्तानी झंडा और भड़काऊ नारे चिपकाए गए थे।
स्थानीय लोगों की सतर्कता से इस साजिश का पर्दाफाश हो सका। उन्होंने दीवार पर लगे “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” और “पाकिस्तान जिंदाबाद” जैसे नारों और झंडे की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद दो आरोपियों — चंदन मालाकार और प्रोग्यजीत मंडल — को गिरफ्तार किया। दोनों ‘सनातनी एकता मंच’ नामक संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उनका मकसद देश में पहले से फैले गुस्से और अशांति के माहौल का फायदा उठाकर सांप्रदायिक हिंसा भड़काना था। बंगाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या संगठन तो सक्रिय नहीं है।
इस घटना के सामने आने के बाद यह साफ है कि आतंकी हमले के बाद देश को अस्थिर करने की साजिशें केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि देश के भीतर भी रची जा रही हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और सरकार की ओर से भी सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए है।
