शादी में शामिल होने आए 3 सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, डंपर ने रौंदा; एक घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 3 सगे भाइयों और ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जैत थाना क्षेत्र के रामताल वृंदावन रोड पर हुआ।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने एक सवारी ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया। इसके बाद सड़क पर गिरे लोगों को पीछे से आ रहे डंपर ने कुचल दिया। हादसे में ऑटो चालक साबिर (25) और इंदौर निवासी सगे भाई—प्यारे लाल शर्मा (60), मुकेश शर्मा (45), और हुकुम चंद शर्मा (40)—की मौके पर ही मौत हो गई। इनके चचेरे भाई शिवम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक (शहर) अरविंद कुमार ने बताया कि सभी लोग प्रेम मंदिर दर्शन के बाद होटल लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसके टुकड़े 100 मीटर तक फैल गए।
कार और डंपर चालक हादसे के बाद वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने आश्वासन दिया है कि मृतकों के परिजनों को हरसंभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
