Breaking NewsCrime NewsUttar Pradesh

संभल में बीमा क्लेम के लिए की गई दो हत्याएं, सात सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार

संभल (उत्तर प्रदेश) – उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बीमा क्लेम हड़पने के लिए हत्या करने वाले एक गिरोह का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रजपुरा थाना पुलिस ने इस गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने दो लोगों की हत्या कर बीमा की रकम हड़प ली थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जल्द ही तीसरी हत्या की योजना बना रहे थे।

एएसपी अनुकृति शर्मा ने बताया कि इस गिरोह ने योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग बीमा कंपनियों से जीवन बीमा पॉलिसी कराई और प्रीमियम भी खुद ही भरा। इसके बाद बीमा धारकों की हत्या कर उन्हें सड़क हादसे जैसा दिखाया गया ताकि क्लेम हासिल किया जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदप्रकाश, कमल सिंह, निर्देश कुमार, प्रेमशंकर, ओमप्रकाश, सुनील कुमार और उदयभान सिंह के रूप में हुई है। ये सभी संभल और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

पहली हत्या दिल्ली निवासी अमन (20) की 15 नवंबर 2023 को अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र में की गई थी। आरोपियों ने अमन के सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या की और हादसा दिखाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने साक्ष्य के अभाव में मामला बंद कर दिया। इसके बाद अमन की बीमा राशि में से 22 लाख रुपये उसकी सौतेली मां रूपाली के खाते में आए, जिसे गिरोह के सदस्यों ने आपस में बांट लिया।

दूसरी हत्या धनारी निवासी सलीम की 29 जुलाई 2022 को उसी तरह की गई। पहले सिर पर हथौड़े से वार किया गया और फिर गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। इसे भी हादसा दिखाया गया और पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट लगा दी। इसके बाद गिरोह को 78 लाख रुपये का बीमा क्लेम मिला।

पुलिस के अनुसार, गिरोह की अगली योजना तीसरी हत्या की थी, जिससे करीब ढाई करोड़ रुपये का और बीमा क्लेम प्राप्त किया जा सकता था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगे की जांच जारी है और बीमा कंपनियों को भी सतर्क कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button