सरपंच की गुंडागर्दी: लाउडस्पीकर की शिकायत की तो महिला वकील पर टूटा कहर, लोहे के पाइप से पीटा

अंबाजोगाई (बीड) : बीड जिले की अंबाजोगाई तहसील के सांगांव गांव में एक महिला वकील पर हुए हमले ने सनसनी मचा दी है। पीड़ित वकील ज्ञानेश्वरी अंजन ने गांव के सरपंच और उनके सहयोगियों पर लोहे की पाइप और डंडों से बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में उनकी पीठ पर गंभीर चोट के निशान साफ नजर आ रहे हैं, जो हमले की क्रूरता को उजागर करते हैं।
घटना 16 मार्च 2025 की है, जब ज्ञानेश्वरी ने गांव के एक मंदिर में बज रहे तेज लाउडस्पीकर की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि इस शोर से उन्हें माइग्रेन की शिकायत हो गई थी और इसका असर उनके पूरे परिवार पर पड़ा।
ज्ञानेश्वरी ने बताया कि शिकायत से नाराज़ होकर सरपंच और उनके सहयोगियों ने उनके पिता की गैरमौजूदगी में उनके घर पर हमला किया। उन्होंने कहा, “आरोपियों ने मुझे धमकाया और चेतावनी दी कि अगर मैंने फिर से लाउडस्पीकर या आटा मिलों को लेकर शिकायत की, तो वे मुझे जान से मार देंगे।”
वकील का आरोप है कि हमले के दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और सबूत नष्ट कर दिए गए। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी लगातार अलग-अलग जगहों पर उनका पीछा कर रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है।
इस पूरे मामले में पीड़िता ने कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
इस घटना ने न केवल गांव में बल्कि जिलेभर में आक्रोश फैला दिया है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
