Breaking NewsMaharashtra

जलगांव में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रहे दंपति की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर मौत

जलगांव | प्रतिनिधि 

जलगांव जिले में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के बीच एक और भीषण हादसा सामने आया है। बुधवार को शादी समारोह से लौट रहे एक दंपति की बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलगांव तालुका के उमाळा-गाडेगाव मार्ग के पास यह दर्दनाक हादसा बुधवार शाम करीब 5 बजे हुआ। हादसे में पिंप्राळा हुडको निवासी मुझफ्फर अली सय्यद बबन (उम्र 60 वर्ष) और उनकी पत्नी ताहेराबी मुजफ्फर अली (उम्र 55 वर्ष) की जान चली गई।

बताया जा रहा है कि मुझफ्फर अली अपनी पत्नी के साथ अपने चचेरे भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए जलगांव से फर्दापुर गए थे। शादी समारोह खत्म होने के बाद दोनों अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MH 19 EJ 3898) से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उमाळा और गाडेगाव के बीच पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें निजी वाहन से जलगांव के शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय (सरकारी मेडिकल कॉलेज) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी और वहां मातम का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

मृतक मुझफ्फर अली मसाले का व्यवसाय कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे, बहुएं और एक विवाहित बेटी है।

इस हादसे को लेकर देर रात तक पुलिस स्टेशन में कोई आधिकारिक मामला दर्ज नहीं किया गया था।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने प्रशासन और नागरिकों दोनों के लिए चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button