मुंबई में दरिंदगी: 10 साल की बच्ची से बगीचे में यौन शोषण, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में 10 साल की बच्ची के साथ यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 20 जुलाई से 26 जुलाई के बीच की है। आरोपी ने चॉकलेट और बगीचे में खेलने का झांसा देकर लड़की और उसके छोटे भाई को घर के पास बने बगीचे में बुलाया।
बगीचे में पहुंचने के बाद, आरोपी ने पीड़िता के भाई को नाश्ता लाने के लिए दुकान भेज दिया। इसी दौरान वह बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। आरोपी ने बच्ची को किसी को भी पूरी घटना बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
कुछ दिनों बाद पीड़िता ने अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एंटॉप हिल पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को सतर्क रखें, अनजान लोगों से दूरी बनाएं और कोई भी संदिग्ध गतिविधि तुरंत पुलिस को बताएं, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
