मोबाइल चोरी के शक में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

पुणे | प्रतिनिधि
पुणे के मोई गांव स्थित गुरुकृपा हाउसिंग सोसाइटी परिसर में मोबाइल चोरी के शक में एक 42 वर्षीय मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान चांद शेख (42) के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरालाल सुभाष चंद्र गौतम (28), निवासी निघोजे, खेड (मूल निवासी उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पत्नी ने 3 जुलाई को महालुंगे-चाकण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना 29 जून की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी दोनों मजदूरी का काम करते थे। आरोपी का मोबाइल गुम हो गया था और उसे शक था कि चांद शेख ने ही उसका मोबाइल चुराया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था।
29 जून को इसी विवाद ने फिर से हिंसक रूप ले लिया। गुरुकृपा हाउसिंग सोसाइटी परिसर में दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। गुस्से में आरोपी ने चांद शेख के चेहरे और सिर पर बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, मृतक की पत्नी की शिकायत और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे निघोजे क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।