औरंगाबाद में एटीएम फ्रॉड गैंग फिर सक्रिय: सरकारी कर्मचारी से 40 हज़ार की लूट, कार्ड बदलकर दिया वारदात को अंजाम

औरंगाबाद में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली गैंग फिर सक्रिय हो गई है। 19 अगस्त की दोपहर लगभग 1 बजे शहर के शहागंज स्थित एसबीआई एटीएम सेंटर में एक सरकारी कर्मचारी के साथ यह फर्जीवाड़ा हुआ, जिसमें उनके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए।
मुदखेड के भूमि अभिलेख उपअधीक्षक कार्यालय में कार्यरत सैयद सलीम अत्ताउल्ला (54, निवासी कटकट गेट) इलाज के लिए छुट्टी लेकर 15 अगस्त को औरंगाबाद आए थे। 19 अगस्त को वे शहागंज स्थित एसबीआई एटीएम में पासवर्ड बदलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके पीछे खड़ा एक अज्ञात युवक मदद के बहाने उनके पास आया और पासवर्ड बदलने में सहायता करने का दिखावा किया। थोड़ी देर में उसने सलीम से एटीएम कार्ड लिया और प्रक्रिया करने लगा। इसके बाद उसने उनका असली कार्ड लौटाने के बजाय किसी और व्यक्ति का कार्ड पकड़ा दिया और वहां से चलता बना।
कुछ ही मिनटों बाद जब कार्ड काम नहीं किया तो सलीम घबराए और पास की बैंक शाखा में पहुंचे। वहां प्रबंधक ने जांच कर बताया कि उनके हाथ में मौजूद कार्ड जयकुमार पाईकराव नामक व्यक्ति का है। उसी समय उनके खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 40 हजार रुपये निकाले जा चुके थे।
इस मामले की शिकायत सिटी चौक पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है और जांच शुरू हो चुकी है।
इससे पहले भी शहर में कई एटीएम ठगी की वारदातें हो चुकी हैं। ज्येष्ठ नागरिकों और युवाओं को निशाना बनाकर लाखों रुपये लूटे गए थे। केवल सिडको पुलिस ने ही एक बार परराज्य की गैंग को गिरफ्तार किया था, लेकिन उस दौरान भी रकम बरामद नहीं हो सकी थी। अब एक बार फिर ऐसी ठग गैंग औरंगाबाद में सक्रिय हो गई हैं।
